लखनऊ, 07 जून (हि.स.)। व्यवसायिक शिक्षा व कौशल विकास विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि रोजगार मेले के आयोजनों से नौजवानों के चेहरों पर मुस्कान आयी है। प्रदेश के ज्यादातर राजकींय आईटीआई कालेजों में आजकल रोजगार मेले लगाये जा रहे हैं।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने एक साक्षात्कार में उत्तर प्रदेश के नौजवानों को तकनीकी रुप से तैयार करने और फिर उन्हें रोजगार मुहैया कराने के विभागीय कार्यशैली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 35 वर्ष से कम आयु के लोगों को रोजगार मुहैया कराने के लिए पहले उन्हें तकनीकी ज्ञान दिलाने के लिए दाखिला दिलाया जा रहा है। तकनीकी ज्ञान या शिक्षा ले लेने के बाद उन्हें रोजगार मेले में परीक्षा के माध्यक्ष से कम्पनियां चयनित कर रोजगार दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि बीते दिनों सहायक भंडारी के पद पर चयनित हुए अभ्यर्थियों को उन्होंने स्वयं नियुक्ति पत्र बांटा था। जो नौजवान सहायक भंडारी पद पर नियुक्त हुए वे सभी कार्य कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की सरकार ने निरंतर रोजगार के नये साधनों को प्रदेश में लाने के लिए कार्य किया है।
उन्होंने रोजगार परक योजनाओं के बारे में कहा कि कौशल विकास विभाग की वेबसाइट पर समस्त जानकारी उपलब्ध है। इस संबंध में विभागीय निदेशालय और जिला केन्द्रों से भी जानकारी ली जा सकती हैं। अभी हमारा लक्ष्य दस लाख नौजवानों को रोजगार से जोड़ना है और इसे आगे भी बढ़ाया जायेगा। सिर्फ रोजगार देने तक ही हम सीमित नहीं है, आने वाले वक्त में रोजगार पाने वाला नौजवान भी दूसरों को नौकरी देगा।