एसएसपी ने पत्रकारों के प्रतिनिधि मंडल को दिया भरोसा, दो दिन में होगी कार्यवाही
एसएसपी ने पूरे मामले की गहराई से दो दिन जांच करने को एसपी देहात को दिए आदेश
मथुरा, 06 जून (हि.स.)। जिले के कोसीकलां थाना क्षेत्र में हुए सट्टा माफिया गैंग के अपराधियों द्वारा पत्रकार पर हमले की घटना को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने ब्रज प्रेस क्लब अध्यक्ष डॉ कमलकान्त उपमन्यु एडवोकेट के नेतृत्व में सोमवार पीड़ित सुरेश उपमन्यु एवं उसके परिवारीजनों के साथ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर से मुलाकात की। एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने सभी से पूरे मामले की जानकारी ली।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर ने सोमवार एनयूजेआई के राष्ट्रीय सचिव एवं उपजा के प्रदेश उपाध्यक्ष और ब्रज प्रेस क्लब अध्यक्ष डॉ कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट के नेतृत्व जिले के वरिष्ठ पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल से मामले की गहराई से जानकारी करने के बाद तत्काल प्रभाव से इस प्रकरण की जांच कोसीकलां क्षेत्र से बरसाना के एसएचओ को स्थानांतरित कर दी गई है तथा पूरे मामले की गहराई से दो दिन जांच करने के लिए एसपी देहात को आदेश दिए हैं।
इस दौरान एसएसपी ने बाहर आकर गाड़ी में लेटे हुए पीड़ित पत्रकार सुरेश उपमन्यु का हालचाल लिया मेडिकल रिपोर्ट देखी और उनको भरोसा दिया कि पूरे प्रकरण की गहराई से जांच होगी और 2 दिन में जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी होगा उसे बक्शेंगे नहीं चाहे वह पुलिसकर्मी हो या कोई भी अपराधी या अन्य वह जांच आने के बाद कठोर कार्यवाही करेंगे। सोमवार को घायल पत्रकार सुरेश को जिला अस्पताल से एक निजी अस्पताल में उपचार हेतु रेफर कर दिया गया।
ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ कमल कांत उपमन्यु एडवोकेट ने बताया कि पुलिस कप्तान डॉ गौरव ग्रोवर ने दो दिन के भीतर मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है और दो दिन बाद पुनः मुलाकात के लिए सभी को बुलाया भी है। अब इस प्रकरण पर कोई भी आगे का निर्णय दो दिन बाद कप्तान से मिलने के बाद सभी पत्रकारों से चर्चा के बाद आम सहमति से लिया जाएगा। उन्होंने कप्तान पर भरोसा जताया और कहा कि उनकी निर्भीक व निष्पक्ष कार्यप्रणाली के चलते पीड़ित पत्रकार को न्याय शीघ्र मिलेगा।