– उप्र राज्य महिला आयोग सदस्य ने जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं
मुरादाबाद 05 मई (हि.स.)। महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाये जाने के उद्देश्य से सर्किट हाउस में गुरुवार को उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य अवनी सिंह महिला जनसुनवाई कार्यक्रम में पहुंची। उन्होंने महिलाओं की शिकायतों को गम्भीरतापूर्वक सुनते हुए निस्तारण करने के निर्देश दिये। कहा कि महिलाओं से सम्बंधित मामलों को अधिकारी गम्भीरता से लें और निर्धारित समयावधि में शिकायतों का निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
सुबह से शाम तक चले जनसुनवाई कार्यक्रम में घरेलू हिंसा से सम्बंधित 17 प्रकरण प्राप्त हुए। सदस्या राज्य महिला आयोग ने सम्बंधितों को प्रकरणों में पीड़ित महिलाओं के प्रति सहानुभूति बरतते हुए उन्हें दिलाये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। शिविर में उपस्थित महिलाओं को विभिन्न प्रकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करायी गयी तथा योजनाओं से सम्बंधित साहित्य उपलब्ध कराये जाने के साथ ही पात्रों का सुसंगत योजनाओं में यथासंभव पंजीकरण भी कराया गया।
जागरुकता शिविर के माध्यम से पीड़ित परिवारों एवं अन्य सुपात्र परिवारों की महिलाओं को उप्र शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा निराश्रित महिलाओं को पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड बनाये जाने, कन्या सुमंगला योजना से आच्छादित, बालिकाओं को लाभ दिलाए जाने, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना से जनपद की महिलाओं को लाभान्वित कराये जाने के सम्बंध में, जनपद में उत्तर प्रदेश बाल सेवा से लाभान्वित परिवारों बालिकाओं के सम्बंध में नियत तिथि पर आख्या उपलब्ध कराये जाने के लिए निर्देशित किया।