—दिल्ली से वाराणसी घूमने आये युवकों ने जान बचाने पर मल्लाहों के साहस को सराहा
वाराणसी, 03 अप्रैल (हि.स.)। भेलूपुर थाना क्षेत्र के केदारघाट के सामने गंगा नदी में रविवार की शाम बड़ी नाव दुर्घटना टल गई। बड़े बजड़े से टकरा कर अचानक पलटी छोटी नाव पर सवार दिल्ली के 06 युवकों को मल्लाहों ने टयूब के सहारे बचा लिया। जान बचने पर युवकों ने माझियों का आभार जताया। पेट में गंगा का पानी चले जाने से युवकों की परेशानी देख उन्हें अस्पताल भी भेजा गया।
दिल्ली से सात युवकों का दल वाराणसी भ्रमण और श्री काशी विश्वनाथ दरबार में दर्शन पूजन के लिए आया था। आज शाम को सभी युवक अस्सी घाट पहुंचे। वहां कुछ देर घूमने के बाद उन्होंने गंगा में नौकायन के लिए एक छोटी नाव किराये पर लिया। नाव सवार दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती देखने के लिए नाव से जा रहे थे। केदार घाट के समीप पहुंचते ही बीच गंगा में दशाश्वेध घाट की ओर से आ रहे बड़े बजड़े से छोटी नाव टकरा कर पलट गई। यह देख बजड़े पर सवार और आसपास के नावों पर सवार लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। गंगा में नाव पर मौजूद मल्लाहों ने ट्यूब गंगा में फेंक डूब रहे छह युवकों को बचा कर घाट पर लाए। इस दौरान डूबने वाले सभी छह युवकों के पेट से पानी निकाला गया। इस दौरान लोगों का आरोप था कि पुलिस को सूचना देने पर भी जवान मौके पर नहीं आये। पुलिस के भरोसे तो सभी युवकों की जान चली जाती। मल्लाहों के साहस पर युवकों की जान बची।