कांग्रेस का चार धाम गांधी परिवार : शिवराज सिंह

Share

देहरादून :- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दो दिवसीय दौरे पर आज उत्तराखंड पहुंचे हैं। विधानसभा चुनाव के लिए इन दो दिनों में शिवराज सिंह की छह सभाएं होंगी। आज पहली सभाएं अल्मोड़ा जिले के लोहाघाट विधानसभा सीट पर हुई है। लोहाघाट में भाजपा उम्मीदवार पूरन सिंह फर्त्याल के लिए वोट मांगते हुए चौहान राहुल गांधी पर जमकर बरसे।

राहुल पर हमला करते हुए चौहान ने कहा कि उत्तराखंड में चारधाम यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ हैं। राहुल गांधी और कांग्रेस के भी चार धाम हैं। इनका चार धाम गांधी परिवार है। एक धाम हैं, सोनिया गांधी दूसरे राहुल गांधी, तीसरा है प्रियंका गांधी और इनका चौथा धाम है रॉबर्ट वाड्रा। ये लोग इस धाम से बाहर निकलेंगे तभी तो उत्तराखंड के चार धाम जाएंगे।

दरअसल, कांग्रेस ने ‘चार धाम, चार काम’ का नारा दिया है। पार्टी ने इसे घोषणा पत्र के केंद्र बिंदु में रखा है। कांग्रेस के इसी चार धाम, चार काम पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हमला किया है। शिवराज सिंह ने पूरन सिंह को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा के अलावा कोई अन्य पार्टी विकास नहीं कर सकता है। केंद्र में प्रधानमंत्री और प्रदेश में भाजपा की सरकार लगातार विकास के कामों को आगे बढ़ा रही है। इन्होंने आगे यह भी कहा कि भाजपा के पहले की सरकारों की तुलना हमारी सरकारों से जो भी करता है, वह सभी यही कहता है कि भाजपा ही विकास कर सकती है।

शिवराज सिंह लोहाघाट के बाद दो कार्यक्रम आज शाम उधमसिंह नगर में हैं। यहां वे काशीपुर और बाजपुर में कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। कल वे उन्हें तीन अन्य कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और भाजपा उम्मीदवार के लिए वोट करने की अपील करेंगे।