बांदा के मोहम्मद अर्श ने राष्ट्रीय सीनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक - सरस जनवाद

बांदा के मोहम्मद अर्श ने राष्ट्रीय सीनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक

Share

बांदा, 23 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के होनहार बैडमिंटन खिलाड़ी मोहम्मद अर्श ने चेन्नई (तमिलनाडु) में आयोजित योनैक्स-सनराइज अखिल भारतीय सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीनियर पुरुष युगल वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

देशभर के शीर्ष खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मोहम्मद अर्श ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया और कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से खेल जगत और पूरे जनपद में खुशी की लहर है। खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और जनपदवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

मोहम्मद अर्श के पिता मो. अशफाक बांदा शहर के बलखंडी नाका क्षेत्र के निवासी हैं और फैशन टेलर का कार्य करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अर्श ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

जिला बैडमिंटन संघ, बांदा के अध्यक्ष सीरजध्वज सिंह, सचिव काजी जमीर अहमद, बांदा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रामेंद्र शर्मा, महासचिव डॉ. इन्द्रवीर सिंह जादौन, मीडिया प्रभारी सुनील सक्सेना तथा वरिष्ठ बैडमिंटन खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक प्रदीप कुमार ने मोहम्मद अर्श को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

मोहम्मद अर्श की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। उनका चयन 28 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक फिलीपींस में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है, जहां वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतने और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में चयनित होने के बाद मोहम्मद अर्श को देश के उभरते हुए बैडमिंटन सितारों में गिना जा रहा है। उनकी यह सफलता न केवल बांदा बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।