– मुख्यमंत्री ने 74 करोड़ 32 लाख की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
रुद्रपुर :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को यहां सरकार के पांच साल ‘नये इरादे-युवा सरकार’ कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने लगभग 74 करोड़ 32 लाख की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर धामी ने लोगों से सवाल किया कि क्या उन्हें खटीमा से चुनाव लड़ना चाहिए। इसके बाद पूरा मैदान “हमारा विधायक कैसा हो, पुष्कर सिंह धामी जैसा हो” नारों से गूंज उठा। उन्होंने कहा कि वह खटीमा की जनता का ऋण को कभी नहीं उतार सकते।

मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट एवं 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट प्रदान किए। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। पांच साल में डबल इंजन सरकार ने सड़क, रेलवे, हवाई, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं को मुहैया कराने में अभूतपूर्व काम किया है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केदारनाथ का पुनर्निर्माण किया गया है। बदरीनाथ में भी 250 करोड़ रुपये की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। भारतमाला शृंखला के अन्तर्गत भी अनेक सड़कें बन रही हैं। पांच साल में केन्द्र सरकार से राज्य के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऊधमसिंह नगर में लगभग 500 करोड़ की लागत से एम्स का सेटेलाइट सेंटर स्थापित किया जा रहा है। ऋषिकेष एम्स में प्रतिदिन हजारों लोगों का इलाज हो रहा है। देश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में सबसे बड़ी योजना आयुष्मान भारत योजना चलाई जा रही है। राज्य में अटल आयुष्मान योजना से लोगों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुरक्षा कवच दिया गया है।

धामी ने कहा कि टनकपुर-बागेश्वर रेललाइन के सर्वे के लिए सहमति मिल चुकी है। 2024 तक ऋषिकेश -कर्णप्रयाग रेल लाइन निर्माण का कार्य पूर्ण हो जायेगा। देहरादून एयरपोर्ट को अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाया जा रहा है। पंतनगर एयरपोर्ट को भी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए केन्द्र सरकार से राज्य को पूरा सहयोग मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 6 माह पूर्व उन्हें राज्य के मुख्य सेवक की जिम्मेदारी दी गई। इन 6 माह में जनहित में 600 से अधिक निर्णय लिए गए। राज्य सरकार अन्त्योदय के सिद्धान्त पर कार्य कर रही है। प्रतियोगी परिक्षाओं के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में एक वर्ष की छूट दी गई। मुख्य सेवक बनने के पद उनकी पहली कैबिनेट में निर्णय लिया गया कि राज्य के विभिन्न विभागों में रिक्त सभी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अनेक पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेजी से गतिमान हैं। पुलिस विभाग में भी 1734 पदों पर भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। राज्य में नई खेल नीति लाई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा उनकी कर्मभूमि है। इस क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए गए हैं। क्षेत्र में केन्द्रीय विद्यालय, कैन्टीन की सुविधा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाया गया है। एकलव्य आवासीय विद्यालय खोला गया है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि भारत एवं नेपाल को जोड़ने वाले पुल का निर्माण तीन साल के अन्दर पूर्ण किया जायेगा। यह भारत एवं नेपाल के सबंधों को और मजबूत करने में काफी कारगर साबित होगा। भारत और नेपाल का रोटी-बेटी का संबंध है। धामी ने कहा कि उत्तराखंड को 2025 तक देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए राज्य सरकार पूरे प्रयास कर रही है। इसके लिए बोधिसत्व कार्यक्रम के माध्यम से विषय विशेषज्ञों एवं प्रबुद्धजनों के सुझाव लिए जा रहे हैं। अगले 10 साल का रोडमैप बनाया जा रहा है।