गाजियाबाद :- भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक डॉ. मंगल सेन कोरी ने गुरुवार को राष्ट्रीय लोकदल का दामन थाम लिया। डॉ. कोरी राष्ट्रीय कोरी समाज बुनकर मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वह भाजपा उत्तर प्रदेश परिषद के सदस्य भी थे। इस अवसर पर रालोद के जिलाध्यक्ष तेजपाल चौधरी ने अखलाक अल्वी को मुरादनगर शहर अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की।
डॉ. कोरी ने मुरादनगर के कृष्णा सागर होटल में एक प्रेस वार्ता के दौरान रालोद की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी यशवीर सिंह व जिलाध्यक्ष तेजपाल ने डॉ. कोरी का स्वागत किया। इस अवसर पर यशपाल चौधरी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के विरोध में लहर चल रही है। आने वाले विधान सभा चुनाव में प्रदेश से भाजपा का सफाया हो जाएगा और रालोद-सपा गठबंधन की पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनेगी।
इस अवसर पर गन्ना विकास परिषद मोदीनगर के अमरजीत सिंह बिडडी चेयरमैन ने कहा कि डॉ कोरी के राष्ट्रीय लोकदल में आने से दल को मजबूती मिलेगी।इससे पहले कोरी रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयन्त चौधरी से मिले थे।
इस अवसर पर मुरादनगर के पूर्व प्रत्याशी अजय प्रमुख, प्रजिला पंचायत सदस्य अमित त्यागी समेत कई प्रमुख लोग प्रेस वार्ता में उपस्थित रहे।