गीजा, 31 अक्टूबर । मिस्र की राजधानी काहिरा के पश्चिम में शनिवार को एक मिनीबस और भारी ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य घायल हुए हैं। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। घायलों में 10 की हालत गंभीर बताई गई है।
मंत्रालय के अनुसार, दुर्घटना गीजा प्रांत के अंतर्गत आने वाले अक्टूबर सिटी के पास राजमार्ग पर हुई। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया तथा घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता होसाम अब्देल गफ्फार ने बताया कि हताहतों के आंकड़े शुरुआती हैं और अधिकारी स्थिति का आकलन कर रहे हैं। ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव हो सकता है।
मिस्र में सड़क दुर्घटनाएं लगातार गंभीर चुनौती बनी हुई हैं। देश की सरकारी सांख्यिकी एजेंसी के आंकड़ों के मुताबिक, सड़क हादसों में हर साल 75 हजार से अधिक लोग घायल होते हैं और पांच हजार से ज्यादा लोगों की जान जाती है। लापरवाही से वाहन चलाना, वाहनों का खराब रखरखाव और यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन नहीं होना ऐसे हादसों की प्रमुख वजहों में शामिल हैं।
