गुरुग्राम, 24 नवंबर । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम की व्यवस्थाओं के भीतर धरातल पर स्पष्ट बदलाव दिखाई देना चाहिए। सरकार के पास विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। अधिकारी पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को धरातल पर उतारें। उन्हें केवल कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट नहीं, बल्कि उनके वास्तविक परिणाम दिखाई देने चाहिए।
मंगलवार को गुरुग्राम में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) तथा नगर निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने शहर की स्वच्छता, सीएंडडी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट) के प्रबंधन, जलभराव की रोकथाम, सडक़, पेयजल एवं सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और सीएंडडी वेस्ट के उचित निस्तारण के लिए अधिकारी माइक्रो मैनेजमेंट के स्तर पर काम करें। निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस पूरी प्रक्रिया में संबंधित कंपनियों की जवाबदेही तय की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कचरे का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुसार हो। बैठक में जीएमडीए के सीईओ डी .के बेहेरा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सीएंडडी वेस्ट के व्यवस्थित प्रबंधन को लेकर नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में नागरिकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर जिले में 10 अलग-अलग स्थानों पर एक-एक हेक्टेयर भूमि चिह्नित करने की योजना बनाई गई है। इन स्थानों पर निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे का अस्थायी रूप से संग्रहण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सीएंडडी वेस्ट के दीर्घकालिक एवं व्यवस्थित निस्तारण के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निकट जिले में लगभग 500 एकड़ भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में गुरुग्राम, मानेसर तथा फरीदाबाद का सीएंडडी वेस्ट का यहां निस्तारण किया जा सके।
दिल्ली से अवैध रूप से सीएंडडी वेस्ट लाने वालों पर लगेगा भारी जुर्माना
बैठक में दिल्ली से गुरुग्राम में अवैध रूप से सीएंडडी वेस्ट लाने वाले वाहनों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस संबंध में सीपी शिवास कविराज ने जानकारी दी कि अब तक ऐसी 12 गाडिय़ों को जब्त किया जा चुका है तथा संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस प्रकार अवैध रूप से कचरा डालने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। संबंधित मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों पर भारी जुर्माना लगाया जाए। बाहर से कचरा लाकर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम में कहीं भी धूल उड़ती हुई दिखाई नहीं देनी चाहिए।
