केंद्रीय मंत्री दुर्गादास के प्रयासों से भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस के संचालन को मिली स्वीकृति

Share

भोपाल, 24 नवंबर । मध्य प्रदेश के बैतूल संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके के प्रयासों से भुसावल से नागपुर के बीच नई ट्रेन क्रमांक 11111/11112 भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस के संचालन को रेल मंत्रालय ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।

केन्द्रीय मंत्री उइके ने मंगलवार को इसके बारे में बताया कि इस ट्रेन के शुरू होने से बैतूल, घोड़ाडोंगरी, आमला और मुलताई सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने बताया कि 6 अगस्त 2026 को रेल मंत्रालय को पत्र प्रेषित कर बैतूल संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार तथा भुसावल-नागपुर के बीच नई ट्रेन के संचालन की मांग उठाई थी। इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया है कि भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस के संचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

प्रस्तावित मार्ग के अनुसार यह ट्रेन छनेरा, खिरकिया, हरदा, टिमरनी, घोड़ाडोंगरी, बैतूल, आमला एवं मुलताई के रास्ते संचालित होगी। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भुसावल और नागपुर के बीच यात्रा करने के लिए एक अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा। विशेष रूप से व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और अन्य आवश्यक कार्यों से नियमित रूप से यात्रा करने वाले लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

नई ट्रेन के संचालन से बैतूल जिले के विभिन्न क्षेत्रों का महाराष्ट्र और विदर्भ के प्रमुख शहरों से रेल संपर्क और बेहतर होगा। साथ ही आसपास के छोटे कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से व्यापारिक गतिविधियों, स्थानीय आवागमन और क्षेत्रीय संपर्क को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर केंद्रीय मंत्री उइके ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे के आधुनिकीकरण, नई रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। बैतूल संसदीय क्षेत्र की जनता की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस के संचालन को स्वीकृति मिलना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर आवागमन और मजबूत रेल कनेक्टिविटी अत्यंत आवश्यक है। केंद्र सरकार बैतूल संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। नई ट्रेन के संचालन से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी और भुसावल-नागपुर रेल मार्ग पर आवागमन के नए विकल्प उपलब्ध होंगे।