मप्र के सबसे बड़े एवं महाकौशल के पहले अमृत कलश मदर मिल्क बैंक का मंत्री राकेश सिंह ने किया शुभारंभ

Share

जबलपुर, 24 नवंबर । मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मंगलवार को जबलपुर के रानी दुर्गावती चिकित्सालय (एल्गिन हॉस्पिटल) में प्रदेश के सबसे बड़े एवं महाकौशल के पहले कॉम्प्रिहेंसिव लैक्टेशन मैनेजमेंट सेंटर मिल्क बैंक ‘अमृत कलश’ का शुभारंभ किया। लगभग 70 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस सेंटर का मंत्री सिंह ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता खोलकर विधिवत शुभारंभ किया।

शुभारंभ के बाद मंत्री सिंह ने अमृत कलश मदर मिल्क बैंक की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने सेंटर में स्थापित मशीनों तथा माताओं के दूध को सुरक्षित रखने के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं चिकित्सकों से दूध के संग्रहण, सुरक्षित भंडारण और जरूरतमंद नवजात शिशुओं को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मां के दूध से बढ़कर तेजस्वी और पवित्र कोई दूसरा दूध नहीं है। जन्म के बाद शिशु के लिए मां का दूध अमृत के समान होता है। यह नवजात शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और उसके शारीरिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। कई बार अलग-अलग कारणों से नवजात शिशुओं को मां का दूध नहीं मिल पाता, जिससे उनके पोषण और स्वास्थ्य को लेकर कठिनाइयां आती हैं।

उन्होंने कहा कि संस्कारधानी जबलपुर के रानी दुर्गावती चिकित्सालय में अमृत कलश मदर मिल्क बैंक की शुरुआत अपने आप में अत्यंत पवित्र कार्य है। इस केंद्र में ऐसी माताएं, जिनके पास पर्याप्त मात्रा में दूध उपलब्ध है और जो स्वेच्छा से अन्य बच्चों के लिए अपना दूध दान करना चाहती हैं, उनकी सहमति से दूध संग्रहित किया जाएगा। इसे आधुनिक उपकरणों की मदद से सुरक्षित रखा जाएगा।

मंत्री सिंह ने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता हो रही है कि माताएं दूसरे बच्चों के जीवन और स्वास्थ्य की बेहतरी के लिए इस पुनीत कार्य में स्वेच्छा से आगे आई हैं। समाज में ऐसे सेवा और मानवता से जुड़े कार्यों को हमेशा प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं। मंत्री श्री सिंह ने अमृत कलश में अपना दूध देने वाली माताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इस मिल्क बैंक के माध्यम से एसएनसीयू एवं एनआरसी में भर्ती बीमार और कम वजन के नवजात शिशुओं को आवश्यकता के अनुसार मां का दूध उपलब्ध कराया जाएगा। चिकित्सकों द्वारा जिन बच्चों के लिए मां के दूध की आवश्यकता निर्धारित की जाएगी, उन्हें सुरक्षित रूप से संग्रहित दूध दिया जाएगा। इससे बीमार नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार लाने और शिशु मृत्यु दर कम करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, एल्गिन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. नीता पराशर सहित अन्य चिकित्सक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।