पलामू, 23 नवंबर । सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर बेलवाटिका स्थित गुरूद्वारा से सोमवार को श्री गुरुसिंह सभा के तत्वावधान में बाजे-गाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा के आगे हाथ में तलवार लिए बड़े और छोटे पंज प्यारे चल रहे थे। फूलों से सुसज्जित रथ पर श्री गुरूग्रंथ साहिब की पालकी सजाई गई थी।
शोभायात्रा का विशेष आकर्षण पंजाब के बटाला से आई खालसा गतका की टीम थी। गतका की टीम शहर के चौक चौराहों पर युद्ध कला शैली को प्रस्तुत कर रही थी। कई हैरतंगेज करतब दिखाए एवं लोगों को आकर्षित किया। सिख स्त्री सत्संग की सदस्य गुरुवाणी का पाठ करते चल रही थी। वाहे गुरु-वाहे गुरु तथा ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। बाल पंज प्यारे भी आकर्षण के साथ श्रद्धा का केन्द्र बने हुए थे। लोग पंज प्यारे का चरण छूकर आशीर्वाद ले रहे थे। बड़े पंज प्यारे में सरदार उपेन्द्र सिंह, उत्तम सिंह, मंजीत सिंह, राजा सिंह खालसा, रोमी सिंह एवं छोटे पंज प्यारे में रणवीर सिंह, चमन सिंह, फतेह सिंह, राजवीर सिंह, हरमीत सिंह शामिल थे।
शोभायात्रा में पुरुष और महिलाएं पथ की सफाई करते एवं फूल बरसाते चल रहे थे। पूरा दृश्य मनमोहक लग रहा था। जुलूस में दशमेश माडल स्कूल और गुरुकुलम पब्लिक स्कूल के बच्चे भी शामिल हुए।
इससे पूर्व बेलवाटिका स्थित गुरुद्धारे में दीवान सजाकर विशेष अरदास की गई। इसी के साथ 11 नवम्बर से चल रहा गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ का समापन हुआ। प्रभातफेरी भी इसी तिथि से चल रही थी और 22 नवम्बर को इसका समापन हुआ।
शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों बेलवाटिका, नावाटोली, सद्दीक चौक, जिला स्कूल चौक, छहमुहान, कचहरी रोड, स्टेशन रोड का भ्रमण कर वापस गुरूद्वारा पहुंची।
शोभायात्रा के दौरान रास्ते में खुला मंच व्हाट्एसप गु्रप, जायंट्स ग्रुप सहित कई संगठनों ने शिविर लगाकर कर चाय, बिस्कुट, जल आदि वितरित किये।
उल्लेखनीय है कि गुरूनानक जयंती पर मुख्य समारोह का आयोजन बेलवाटिका स्थित गुरू तेज बहारदुर मेमोरियल हॉल में मंगलवार को किया गया है। गुरु ग्रंथ साहिब का दीवान सजेगा और शबद-कीर्तन होगा। इस दिन गुरू का लंगर का भी आयोजन किया जाएगा।
शोभायात्र को सफल बनाने में श्री गुरुसिंह सभा के अध्यक्ष सतबीर सिंह राजा, भूपेन्द्र सिंह टिंकू, इन्द्रजीत सिंह डिंपल, राजेन्द्र सिंह बंटी, संटी, गुरबीर सिंह गोलू, खालसा जत्था के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभायी।
