बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने तोड़ी किसानों की कमर, लहलहाती धान की फसल बर्बाद

Share

भागलपुर, 23 नवंबर । पिछले दो दिनों से बिहार समेत कई राज्यों में जारी चक्रवाती तूफान और बेमौसम बारिश ने अन्नदाताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश की भेंट चढ़ने से खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। जिन किसानों ने महीनों तक कड़ी मेहनत कर खाद, बीज और सिंचाई में अपनी जमापूंजी लगाई थी, उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया है।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में धान की फसल कटाई के लिए पूरी तरह तैयार थी और किसान फसल समेटने की तैयारी में जुटे थे, लेकिन अचानक बदले मौसम के मिजाज ने खेतों में खड़ी फसल को जमींदोज कर दिया। फसल के जलमग्न होने और गिर जाने से किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। शाहकुंड प्रखंड अंतर्गत भुलनी पंचायत के ग्राम मरचिरमा निवासी किसान परमानंद सिंह ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों ने अच्छी पैदावार और बेहतर आमदनी की आस में कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन असमय बारिश ने सब कुछ तबाह कर दिया।

उन्होंने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि फसल क्षति का आकलन कर प्रभावित किसानों को अविलंब उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही, आगामी रबी फसल की बुवाई के लिए सरकार की ओर से अच्छी गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने में सहायता की जाए, ताकि किसान इस संकट से उबरकर दोबारा खेती शुरू कर सकें।

मौके पर किसान परमानंद सिंह, देव शरण सिंह, विकेस सिंह, आशीष कुमार, विजय कुमार दास, पंचानंद सिंह एवं तरुण कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे।