जन्मभूमि बुढैला पहुंचे भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत

Share

बक्सर/नवानगर, 23 नवंबर । भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद जितेंद्र सिंह के अपने पैतृक गांव बुढैला पहुंचने पर ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। बक्सर जिले के नवानगर थाना क्षेत्र स्थित उनकी जन्मभूमि बुढैला में ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच पारंपरिक पगड़ी पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान पूरे गांव में उत्सव और उल्लास का माहौल रहा।

स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए जितेंद्र सिंह ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सारंगी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि एक छोटे से गांव से निकलकर आए युवा को प्रदेश स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी और सम्मान देने के लिए वे हृदय से धन्यवाद देते हैं। यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं का है।

उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश का युवा वर्ग संगठन के साथ मजबूती से खड़ा है। युवाओं के विश्वास और समर्थन के बल पर भाजपा युवा मोर्चा को और मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा नेता मनोज सिंह, राजू सिंह, जिला प्रवक्ता विमलेश सिंह, अभय सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भोला सिंह, विनोद चौबे सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। अपनी जन्मभूमि पर मिले इस भव्य सम्मान से जितेंद्र सिंह काफी उत्साहित नजर आए।