योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने जताया शोक, कहा- स्नेहमयी छत्रछाया का हटना अपूरणीय क्षति

Share

हरिद्वार, 22 नवंबर । ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शोक संवेदना संदेश भेजकर इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

शंकराचार्य ने कहा कि माता की स्नेहमयी छत्रछाया का जीवन से हट जाना अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ राष्ट्रसेवा में समर्पित हैं, लेकिन जन्मदात्री माता का वात्सल्य और उनका बिछुड़ना हृदय को व्यथित करने वाला होता है।

शंकराचार्य ने अपने संदेश में श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक ‘अव्यक्तादीनि भूतानि व्यक्तमध्यानि भारत। अव्यक्तनिधनान्येव तत्र का परिदेवना॥’ का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन और मृत्यु ईश्वर के शाश्वत नियम का हिस्सा हैं। जन्म से पहले सभी प्राणी अव्यक्त अवस्था में होते हैं, जीवनकाल में व्यक्त होते हैं और मृत्यु के बाद पुनः अव्यक्त हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि माता का असीम स्नेह, तपस्या, संस्कार, मार्गदर्शन और उनके द्वारा दिए गए उच्च जीवन मूल्य सदैव स्मृतियों में जीवंत रहेंगे। शंकराचार्य ने भगवान बदरीविशाल और बाबा विश्वनाथ से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा योगी आदित्यनाथ सहित सभी शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।