किशनगंज, 16 नवंबर । मंडल कारा किशनगंज में लोक आस्था और विश्वास का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। जेल प्रशासन की ओर से बंदियों को छठ व्रत करने और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
कारा परिसर में बनाए गए अस्थायी छठ घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। यहां साफ-सफाई, रोशनी, बैठने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
कारा प्रशासन की ओर से सभी छठ व्रतियों को नए वस्त्र एवं पूजन सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसमें डाला, सूप, कद्दू, नारियल सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए व्रतियों को सभी सुविधाएं मुहैया कराई गईं। वहीं, कारा में संसीमित महिलाओं और उनके साथ रह रहे बच्चों को भी नए वस्त्र दिए गए।
पूरे पर्व के दौरान जेल रेडियो पर छठ के पारंपरिक गीत बजाए गए, जिससे कारा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। इस वर्ष मंडल कारा में कुल 26 बंदियों ने छठ व्रत किया। इनमें 22 पुरुष और चार महिला बंदी शामिल रहीं। विशेष बात यह रही कि दो मुस्लिम बंदियों ने भी पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ छठ व्रत रखा।
यह पहल धार्मिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की अनूठी मिसाल बनी। बंदियों ने डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य और सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित कर भगवान सूर्य एवं छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
छठ पूजा के आयोजन को सफल बनाने में कारा में संसीमित बंदियों और सुरक्षा कर्मियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और आपसी सहयोग का माहौल बना रहा। छठ पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
इस अवसर पर काराधीक्षक, प्रभारी उपाधीक्षक, सहायक अधीक्षक सहित अन्य सुरक्षा कर्मी उपस्थित रहे। काराधीक्षक ने कहा कि छठ पूजा आस्था, अनुशासन और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी बंदियों और कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
