नूंह में श्रद्धा और अकीदत के साथ मनाया गया हजरत शेख मूसा का 715वां सालाना उर्स पाक

Share

नूंह, 16 नवंबर । नूंह के अरावली पर्वतमाला की तलहटी में स्थित ऐतिहासिक हजरत शेख मूसा की दरगाह पर सोमवार को 715वां सालाना उर्स पाक श्रद्धा और अकीदत के साथ मनाया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में जायरीन दरगाह पर पहुंचे और हजरत शेख मूसा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर में दिनभर रौनक बनी रही। वहीं, आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी पूरे आयोजन के दौरान मुस्तैद नजर आए।

मेवात दरगाह कमेटी के सदस्य मोहम्मद आरिफ सूफी ने बताया कि ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार हजरत शेख मूसा, हजरत निजामुद्दीन औलिया के खलीफा थे। मान्यता है कि एक बार जब हजरत शेख मूसा अरावली पर्वतमाला से होकर गुजर रहे थे, तो उनका पल्लू झाड़ियों में अटक गया। इसके बाद वे इसी स्थान पर ठहर गए। स्थानीय मान्यता के अनुसार इसी घटना के चलते इस क्षेत्र का नाम पल्ला पड़ा और यहां उनकी दरगाह स्थापित हुई।

मोहम्मद रफीक कादरी ने बताया कि हजरत शेख मूसा की दरगाह धार्मिक आस्था के साथ-साथ अपनी ऐतिहासिक और अनूठी विशेषताओं के लिए भी प्रसिद्ध है। दरगाह परिसर में एक प्राचीन पानी का कुंड बना हुआ है। स्थानीय लोगों में मान्यता है कि इस कुंड के पानी को शरीर पर मौजूद मस्सों पर लगाने से राहत मिलती है। हालांकि, यह स्थानीय स्तर पर प्रचलित पारंपरिक मान्यता है।

दरगाह परिसर में बनी दो मीनारें भी यहां आने वाले लोगों के आकर्षण का केंद्र हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक मीनार को हिलाने पर दूसरी मीनार में भी कंपन महसूस होता है। दरगाह की इस अनूठी विशेषता को देखने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग पहुंचते हैं। मेवात दरगाह कमेटी के सदस्य अली मोहम्मद सूफी ने कहा कि हजरत शेख मूसा की दरगाह पर पिछले 715 वर्षों से उर्स मनाने की परंपरा चली आ रही है। यह दरगाह क्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। सालाना उर्स पाक के अवसर पर यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही और दरगाह की रौनक देखते ही बनती है।

इस अवसर पर गुलाब नबी आजाद एडवोकेट सहित अन्य लोगों ने भी दरगाह की ऐतिहासिक महत्ता और उर्स की परंपरा पर अपने विचार रखे। 715वें सालाना उर्स पाक के आयोजन ने एक बार फिर मेवात की समृद्ध सूफी परंपरा, आपसी भाईचारे और धार्मिक आस्था की झलक पेश की।