70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिताः उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर और केरल ने बनाई सेमीफाइनल में जगह

Share

नरसिहंपुर, 15 नवंबर । मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में चल रही 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता आयु वर्ग-19 बालक 2026-27 के अंतर्गत रविवार को विभिन्न खेल मैदानों पर रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में बिहार एवं जम्मू-कश्मीर ने जीत दर्ज की, जबकि क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर एवं केरल की टीमों ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

रविवार को रूद्र मैदान गाडरवारा में खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बिहार ने वेस्ट बंगाल को 35 रनों से हराया। बिहार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 154 रन बनाए। जवाब में वेस्ट बंगाल की टीम 119 रन पर ऑलआउट हो गई। बिहार के कुमार शान ने 4 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्राप्त किया।

वहीं, कौड़िया मैदान पर खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल में जम्मू-कश्मीर ने महाराष्ट्र को 19 रनों से पराजित किया। जम्मू-कश्मीर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 176 रन बनाए। जवाब में महाराष्ट्र की टीम 157 रन पर ऑलआउट हो गई। जम्मू-कश्मीर के करणवीर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में एनटीपीसी मैदान पर उत्तर प्रदेश ने चंडीगढ़ को 7 विकेट से हराया। चंडीगढ़ की टीम ने 85 रन बनाए, जिसके जवाब में उत्तर प्रदेश ने 15 ओवर में 3 विकेट खोकर 86 रन बनाकर जीत हासिल की। उत्तर प्रदेश के राहुल यादव ने 44 रनों की शानदार पारी खेली और मैन ऑफ द मैच बने।

रूद्र मैदान पर खेले गए दूसरे क्वार्टर फाइनल में तमिलनाडु ने बिहार को 5 विकेट से हराया। बिहार की टीम 99 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में तमिलनाडु ने 17.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 101 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। तमिलनाडु के यशराज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

बोहानी स्थित राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान पर जम्मू-कश्मीर ने पंजाब को 11 रनों से पराजित किया। जम्मू-कश्मीर ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 172 रन बनाए। प्रदीप ने 49 रनों की पारी खेली। जवाब में पंजाब की टीम 161 रन पर ऑलआउट हो गई। जम्मू-कश्मीर की जीत में अजितेश ने 3 विकेट हासिल किए।

आमगांव छोटा मैदान पर खेले गए चौथे क्वार्टर फाइनल में केरल ने डीएवी को 6 विकेट से हराया। डीएवी की टीम ने 167 रन बनाए। जवाब में केरल ने 4 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। केरल के क्रिस को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत 16 नवंबर 2026 को पहला सेमीफाइनल उत्तर प्रदेश एवं तमिलनाडु के बीच रूद्र मैदान गाडरवारा में खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल जम्मू-कश्मीर एवं केरल के मध्य राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान, बोहानी में आयोजित होगा। दोनों मुकाबलों की विजेता टीमें फाइनल में प्रवेश करेंगी।