उज्जैन, 15 नवंबर । मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार तड़के चार बजे मंदिर के पट खुलते ही भस्म आरती की तैयारियां शुरू हो गईं। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन-अर्चन के बीच भगवान महाकाल का अभिषेक कर विशेष श्रृंगार किया गया। इस दौरान बाबा महाकाल राजा स्वरूप में भक्तों को दर्शन दिए। रजत मुकुट, मुंडमाला, रुद्राक्ष और सुगंधित पुष्पों से सजे भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
परंपरा के अनुसार, मंदिर के पट खुलने के बाद पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम का जल अर्पित किया गया। इसके बाद कपूर आरती हुई और मंत्रोच्चार के बीच भगवान का पूजन किया गया।
भस्म आरती की परंपरा के अनुसार, ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढांककर भस्म अर्पित की गई। इसके बाद भगवान महाकाल का भांग, चंदन, ड्रायफ्रूट और विभिन्न आभूषणों से विशेष श्रृंगार किया गया। बाबा के मस्तक पर रजत चंद्र और त्रिपुंड सजाया गया। शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाला और रुद्राक्ष की माला अर्पित की गई। गुलाब सहित सुगंधित पुष्पों की मालाओं से भगवान का अलंकरण किया गया। श्रृंगार के बाद फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भस्म अर्पित होने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। भस्म आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं भी कहीं। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंजता रहा।
