जयपुर, 15 नवंबर । राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव आया है। रविवार सुबह से सीकर और अलवर सहित कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। जयपुर समेत कई जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश और बादलों के चलते कई जिलों में दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान चूरू, बीकानेर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर और सीकर जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। सर्वाधिक बारिश बीकानेर जिले के डूंगरगढ़ में 12 मिलीमीटर दर्ज की गई। वहीं शनिवार को जैसलमेर के मोहनगढ़ में पांच मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 36 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सीकर में पिछले कई दिनों से मौसम शुष्क रहने के बाद रविवार सुबह बदलाव देखने को मिला। देर रात से ही आसमान में बादल छाए रहे और सुबह सांवलोदा पुरोहितान सहित कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। अलवर में भी सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। यहां तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट आई है।
राजधानी जयपुर में रविवार सुबह से बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के कारण मौसम में ठंडक महसूस हुई। शनिवार को यहां अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं जोधपुर में शनिवार को बारिश की संभावना के बावजूद मौसम शुष्क रहा। यहां अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को भी जोधपुर में बारिश का अलर्ट है।
उदयपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 32.1 और न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस रहा। अजमेर में अधिकतम तापमान 32.4 और न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री दर्ज किया गया। कोटा में दिन का तापमान बढ़कर 34.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री रहा। यहां सुबह और शाम हल्की ठंड का असर बना हुआ है।
मौसम में बदलाव के साथ प्रदेश में दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है। शुक्रवार को भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार 16 नवंबर से प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट हो सकती है, जिससे रात और सुबह के समय सर्दी का असर तेज होगा।
