कोरबा, 05 नवंबर (हि. स.)। कोरबा शहर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। अब चोरों ने मंदिरों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका स्थित साडा कॉलोनी के नगर निगम आवासीय परिसर में बीती रात अज्ञात चोर ने श्री शिव मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। चोरी की यह वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना रात 12 बजकर 13 मिनट की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रात में मंदिर के पट बंद होने के बाद परिसर में सन्नाटा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति मंदिर में दाखिल हुआ और दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी दान राशि लेकर फरार हो गया। सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने दानपेटी का ताला टूटा हुआ देखा, जिसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई।
घटना की सूचना कॉलोनी के वरिष्ठ नागरिकों और मंदिर समिति के सदस्यों को दी गई। इसके बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें रात 12:13 बजे एक व्यक्ति दानपेटी का ताला तोड़कर चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है।
इस घटना ने साडा कॉलोनी जैसे पॉश आवासीय क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कॉलोनी में नगर निगम अधिकारियों, न्यायिक अधिकारियों, बैंककर्मियों और विभिन्न शासकीय विभागों के कर्मचारियों के निवास होने के बावजूद परिसर के भीतर मंदिर में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति को उजागर करता है।
मंदिर में चोरी की घटना से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। घटना की शिकायत स्थानीय थाने में की गई है। कॉलोनीवासियों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने और क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
