सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर अभिनेत्री उर्मिला गिरफ्तार

Share

हरिद्वार, 25 अक्टूबर । अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अभिनेत्री उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी से मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर रविवार को उर्मिला सनावर को सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के करीब 12 घंटे के भीतर कार्रवाई की गई।

शिकायतकर्ता दीपिका राठौर ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के जरिए उनकी और उनके परिवार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। इसके अलावा व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाने, पांच करोड़ रुपये की मांग करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर की रात शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित टीम ने आज सहारनपुर में दबिश देकर उर्मिला सनावर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कथित घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार,आरोपित को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।