सुपौल, 25 अक्टूबर । एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत 24 अक्टूबर को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र, सुपौल की ओर से उच्च विद्यालय निर्मली में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देकर डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक और संदिग्ध संदेशों के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखने तथा अपने पासवर्ड की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया।
एसएसबी की ओर से विद्यार्थियों को बताया गया कि इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध संदेशों का जवाब देने या किसी के साथ अपना पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारी साझा करने से बचना चाहिए।
विद्यार्थियों को किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए व्यावहारिक जानकारी देना तथा डिजिटल माध्यमों के जिम्मेदार उपयोग की भावना विकसित करना था।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
