एसएसबी मुख्यालय में मिलेट्स एवं बेकिंग प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

Share

एसएसबी 56वीं वाहिनी मुख्यालय बथनाहा में शनिवार को पारंपरिक और स्वास्थ्यवर्धक खान-पान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिलेट्स (श्री अन्न) एवं बेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी प्रवीण कुमार के कुशल निर्देशन और संदीक्षा उपाध्यक्षा प्रियांजली शर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण संदीक्षा सदस्याओं द्वारा मिलेट्स (मोटे अनाजों) से तैयार किए गए पौष्टिक, स्वास्थ्यवर्धक और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल रहे। सदस्याओं ने अपनी पाक कला का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बाजरा खीर, रागी पूरी-छोले, ज्वार टिक्की चाट, रागी इडली, ज्वार दही बड़ा, रागी मोमोज, बाजरा-रागी लिट्टी-चोखा, रागी मिल्क शेक, रागी लड्डू और ज्वार-बाजरा पकोड़ा जैसे अनूठे और लजीज व्यंजन प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान संदीक्षा सदस्याओं ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया और मिलेट्स के स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। मिलेट्स, जो कि हमारे स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं, को आधुनिक व्यंजनों के रूप में ढालने के इस प्रयास की सभी ने सराहना की। समारोह के अंत में, प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली संदीक्षा सदस्याओं को संदीक्षा उपाध्यक्षा प्रियांजली शर्मा द्वारा पुरस्कृत किया गया।