गृहप्रवेश का टेंट खोलते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया मजदूर, मौत

Share

हमीरपुर, 20 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कस्बे के उरई रोड पर मंगलवार को गृहप्रवेश समारोह का टेंट खोलते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 36 वर्षीय मजदूर अरिमर्दन राजपूत गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। दशहरा त्योहार के दिन हुई घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

जरिया थाना क्षेत्र के इटैलियाबाजा गांव निवासी नरसिंह ने बताया कि उसका भाई अरिमर्दन खेतीबाड़ी के साथ मजदूरी करता था। मंगलवार को वह उरई रोड निवासी प्रदीप द्विवेदी के यहां गृहप्रवेश समारोह में लगे टेंट को खोलने पहुंचा था। टेंट का लोहे का पाइप निकालकर ट्रैक्टर में लादते समय वह ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट की चपेट में आने से अरिमर्दन बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर अंजुन निरंजन ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। अरिमर्दन अपने पीछे मां सुमित्रा, पत्नी रोशनी और ढाई साल की बेटी नित्या को छोड़ गया है। राठ कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।