प्रॉपर्टी कारोबारी से पांच लाख रुपये मांगने के आरोप में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

Share

देहरादून, 20 अक्टूबर । देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी कारोबारी को झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित खुद को एक न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताकर कारोबारी को ब्लैकमेल कर रहा था। डर के कारण कारोबारी ने उसके बताए बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए थे। गिरफ्तार आरोपित अनुज अग्रवाल पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है।

पुलिस के मुताबिक, आजाद कॉलोनी, माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्टूबर को पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह कई वर्षों से देहरादून में प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहे हैं। चांचक क्षेत्र की एक संपत्ति को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। इसी बीच एक व्यक्ति ने व्हाट्सऐप के जरिए उनसे संपर्क किया और खुद को एक न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताया।

आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने संपत्ति विवाद से जुड़ी खबर अपने न्यूज प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने की धमकी दी और ऐसा नहीं करने के बदले पांच लाख रुपये मांगे। धमकी से डरकर कारोबारी ने उसके बताए एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए। इसके बाद शेष रकम नहीं देने पर आरोपित ने उनके साथ गाली-गलौज की और बर्बाद करने की धमकी दी।

पीड़ित ने शिकायत के साथ व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट और बैंक खाते में रकम जमा कराने के साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान शिकायतकर्ता से संपर्क करने वाले व्यक्ति की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में हुई। पुलिस ने उसे 19 अक्टूबर की रात पटेलनगर क्षेत्र में आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, डायरी में मोबाइल फोन छिपाने के लिए एक गुप्त चैंबर बनाया गया था। आरोप है कि इस व्यवस्था के जरिए लोगों के वीडियो गोपनीय रूप से बनाए जाते थे। पुलिस ने दावा किया कि आरोपित के मोबाइल फोन से भी कई व्यक्तियों के ऐसे वीडियो मिले हैं। इन वीडियो की जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि अनुज अग्रवाल के खिलाफ देहरादून में धोखाधड़ी, मारपीट और अमानत में खयानत समेत विभिन्न आरोपों में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध गैंगस्टर और गुंडा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। वह पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है।

पुलिस के अनुसार, देहरादून के अलावा मध्य प्रदेश में चार, पंजाब में एक, ओडिशा में एक और गुजरात में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। इन मामलों के संबंध में संबंधित राज्यों से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। इस मामले में पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा संख्या 773/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 308(2), 308(4), 351(3) और 352 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।——–