रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने नेमरा पहुंच रहे हजारों लोग

Share

रामगढ़, 14 अक्टूबर । मुख्यमंत्री हेमंत साेरेन की मांग रूपी सोरेन के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भारी मन से सभी पारंपरिक रीति रिवाजों को निभा रहे हैं, तो दूसरी ओर आम लोगों जनता से जुडे कार्यों को भी निपटा रहे हैं। मुख्यमंत्री रीति रिवाजों निभा कर सीधे समुदायिक भवन में पहुंचते हैं, जहां हजारों लोग अपनी समस्या लेकर पहुंचते हैं। कई लोगों के हाथों में पत्र होता है, तो कई लोगों के हाथों में ज्ञापन। कोई व्यक्तिगत समस्या लेकर वहां पहुंच रहा है, तो कोई संगठन और सामाजिक दायित्वों से जुड़े मुद्दे उनके सामने रख रहा है। सभी विषयों को मुख्यमंत्री गंभीरतापूर्वक सुनते हैं। साथ ही उचित कार्रवाई का निर्देश भी दे रहे हैं।

इधर, दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों से लगातार लोग पहुंचकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। हर दिन हजारों की संख्या में लोग शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। मुख्यमंत्री खुद सभी लोगों से मुलाकात भी कर रहे हैं।

स्वर्गीय रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने वालों में विभिन्न धर्मों, समुदायों और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हैं। सभी वर्गों से सोरेन परिवार को मिल रही दुआएं और संवेदनाएं इस दुख की घड़ी में परिवार को संबल प्रदान कर रही हैं। राज्य की राजनीति और सामाजिक जीवन में सोरेन परिवार के लंबे जुड़ाव के कारण शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का सिलसिला लगातार जारी है।

दिवंगत रूपी सोरेन की स्मृति में 18 और 19 अक्टूबर को भोज और अस्थि विसर्जन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। नेमरा गांव में हैंगर लगाए जा रहे हैं। साथ ही लाखों लोगों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की जा रही है।

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न राज्यों के प्रमुख नेताओं और विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों के नेताओं को भी आमंत्रित किया जा रहा है।