भारत-रूस आर्थिक साझेदारी को नई गति देगा दूसरा रूसी-भारतीय व्यापार मंच ‘टाइम’

Share

कज़ान (रूस), 14 अक्टूबर l भारत और रूस के बीच रणनीतिक एवं आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से दूसरे रूसी-भारतीय व्यापार मंच ‘टाइम: रूस-भारत, पारस्परिक दक्षता’ का आयोजन गुरुवार से यहां शुरू होने जा रहा है जिसमें दोनों देशों के 75 से अधिक प्रमुख राजनयिक, सांसद, मंत्री, उद्योगपति, शिक्षाविद और फिल्म जगत की हस्तियां भाग लेंगी। सम्मेलन में द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग के साथ सांस्कृतिक संबंधों को विस्तार देने पर भी चर्चा होगी।

भारत की ओर से उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां लेंगी हिस्सा

तातारस्तान प्रांत की राजधानी कज़ान में हाेने वाले इस आयाेजन में भारत की ओर से रूस में भारतीय राजदूत विनय कुमार मंच का नेतृत्व करेंगे। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली से विधायक हरीश खुराना भी इसमें शामिल होंगे। केरल के प्रतिनिधिमंडल में एमरल्ड ग्रुप के चेयरमैन मुहम्मद अब्दुल करीम फैसल, आईबस नेटवर्क के सुभाष वासुदेवन, आईएसीटी एजुकेशन के राजीव कुमार, इनविग्रो न्यूट्रिसाइंस के अनीश अब्राहम और चिनार मैनपावर के अब्राहम मैथ्यू प्रमुख हैं।

व्यापार और उद्योग जगत से भारतीय व्यापार गठबंधन के अध्यक्ष सैमी कोटवानी, आईसीआईबी के मनप्रीत सिंह, इंडियन बिजनेस काउंसिल के आकाशदीप सिंह, फार्मेक्सिल के प्रतिनिधि डॉ. दिवेश कुमार, एस्सार के करण मल्होत्रा, भारत फ्रेट ग्रुप के सोहेल फिरोज कजानी, इंडिया ग्लाइकोल्स के रुपर्क सरस्वत और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के मनीष मोहन भाग लेंगे। स्वास्थ्य क्षेत्र से अपोलो हॉस्पिटल्स के डॉ. गुरु प्रसाद और रिलायंस फॉर्मुलेशन के मीत पटेल भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

शिक्षा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व बनस्थली विद्यापीठ के प्रो. अंशुमन शास्त्री, विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी के डॉ. डीवीएस भगवनुलु, शंकरा ग्रुप के डॉ. संत कुमार चौधरी, इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज के विभूति शंकर और पुनीत अग्रवाल तथा डीवाई पाटिल विद्यापीठ के डॉ. यशराज पाटिल करेंगे।

रूस की ओर से विदेश मंत्रालय के द्वितीय एशियाई विभाग के निदेशक अलेक्सी पावलोव्स्की, सीनेटर एवं ग्रैंडमास्टर सर्गेई कार्याकिन, मॉस्को की उप प्रमुख ओल्गा झिलिना और ओरेनबर्ग क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

तातारस्तान प्रांत के खेल मंत्री व्लादिमीर लियोनोव, परिवहन मंत्री फारित खानिफोव, संस्कृति मंत्री इरादा अयुपोवा और श्रम मंत्री एलमिरा जरिपोवा की भागीदारी भी प्रस्तावित है। बैंकिंग क्षेत्र से एसबरबैंक इंडिया के प्रबंध निदेशक इवान नोसोव और नैट्सइंवेस्टप्रॉमबैंक की ओल्गा सोकोलोवा शामिल होंगी।

इस बार व्यापार के साथ भारत-रूस के सांस्कृतिक संबंधों पर भी विशेष जोर रहेगा। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में आठ बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुके कन्नड़ फिल्म निर्देशक पी. शेषाद्री, फिल्म समीक्षक डॉ. र्विता दत्ता (एफआईपीआरईएससीआई), निर्देशक दीपांकर प्रकाश, डॉ. अभिलाष बाबू और सरफराज आलम सफू शामिल होंगे। भारतीय फिल्मों के निर्माता करेन मिर्जोयान भी मंच में भाग लेंगे।

आयोजकों के अनुसार, यह मंच दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के नए अवसर विकसित करने के साथ तकनीक, फार्मास्यूटिकल्स, शिक्षा, लॉजिस्टिक्स, रक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में सहयोग को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करेगा। इससे भारत और रूस के उद्योगों, संस्थानों तथा विशेषज्ञों के बीच साझेदारी को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।