जगदलपुर, 14 अक्टूबर । जिले के ग्राम बुरंगपाल संध्यापारा के निवासी 72 वर्षीय माहंगू के लिए आयुष्मान भारत योजना जीवन में एक नई सुबह लेकर आई है। वे पिछले कई वर्षों से मोतियाबिंद की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे, जिसके कारण उन्हें बहुत धुंधला दिखाई देता था और दैनिक कार्यों के लिए भी दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। उनकी इस तकलीफ को देखते हुए गांव की मितानिन, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और आरएचओ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने की सलाह दी।
स्वास्थ्य अमले की सक्रियता से माहंगू के परिजनों को शासन की आयुष्मान भारत योजना की जानकारी दी गई और तत्परता से उनका आयुष्मान कार्ड तैयार कराया गया। इसके उपरांत 3 जुलाई 2025 को उन्हें आयुष्मान कार्ड के तहत पूरी तरह निःशुल्क उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहाँ कुशल चिकित्सकों की टीम ने उनका सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन संपन्न किया।
सफल उपचार के बाद अब माहंगू पूरी तरह साफ देख पा रहे हैं और अपने दैनिक कार्य बिना किसी सहारे के खुद करने लगे हैं। अपनी आँखों की रोशनी लौटने पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, मितानिन और आयुष्मान भारत योजना का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, समय पर मिली सही सलाह और पूरी तरह निःशुल्क इलाज ने उन्हें एक खुशहाल और नया जीवन प्रदान किया है। यह सफलता दर्शाती है कि, योजना किस प्रकार देश भर के गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक कैशलेस, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुँचाकर उनके जीवन में उजाला बिखेर रही है।
