उदयपुर, 11 अक्टूबर । शहर के साइंस कॉलेज परिसर में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पार्किंग क्षेत्र में एक पेड़ से युवक का शव फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर भूपालपुरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4 बजे कॉलेज की पार्किंग में किसी व्यक्ति की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का जायजा लिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
भूपालपुरा थानाधिकारी रतनसिंह चौहान ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। युवक कौन था और किस उद्देश्य से कॉलेज परिसर में आया था, इसका पता पहचान होने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। फिलहाल युवक की पहचान और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी सामने आना बाकी है।
