लुधियाना ईस्ट की मतदाता सूची में भगत सिंह की फोटो होने का दावा, कांग्रेस ने उठाए सवाल

Share

लुधियाना, 11 अक्टूबर । लुधियाना ईस्ट विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में तस्वीरों से जुड़ी कथित गड़बड़ियां सामने आई हैं। पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी अर्बन के प्रधान संजय तलवाड़ ने आरोप लगाया है कि बूथ नंबर-38 की मतदाता सूची में सीरियल नंबर-422 पर दर्ज अमन कुमार के नाम के सामने शहीद-ए-आजम भगत सिंह की फोटो लगी हुई है।

तलवाड़ के अनुसार इसी बूथ की मतदाता सूची में आठ अन्य सीरियल नंबरों पर भी तस्वीरों से जुड़ी कथित गड़बड़ियां सामने आई हैं। उन्होंने इस मामले को गंभीर बताते हुए लुधियाना ईस्ट विधानसभा क्षेत्र के सभी 235 पोलिंग बूथों की मतदाता सूचियों की जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस नेता ने कहा कि जांच के दौरान गलत तस्वीरों के साथ मतदाता सूची में मौजूद अन्य संभावित त्रुटियों की भी पहचान करके उन्हें ठीक किया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी और संबंधित चुनाव अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक करने की मांग की।

संजय तलवाड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा पूर्व में मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ को लेकर उठाए गए सवालों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चुनावी रिकॉर्ड में सामने आने वाली ऐसी गलतियों को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए, क्योंकि मतदाता सूचियों की शुद्धता चुनाव प्रक्रिया में जनता के भरोसे से जुड़ी है।

मामले पर लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने कहा कि वह संबंधित इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर से पूरे मामले की जानकारी लेंगे। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले हरियाणा की मतदाता सूची में भी तस्वीरों से जुड़ी कथित गड़बड़ियों का मामला राजनीतिक चर्चा में आया था। बाद में कुछ मतदाताओं ने कहा था कि उनके नाम और मतदाता पहचान पत्र सही थे, लेकिन मतदाता सूची में तस्वीरें गलत छप गई थीं।