बिजनौर, 09 अक्टूबर । जनपद बिजनौर के शहर कोतवाली में ग्राम रसूलपुर पिरथी उर्फ आदमपुर के ग्रामीणों ने एचपी गैस कनेक्शन की बुकिंग बंद होने और गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना अथवा स्पष्ट कारण के उनके घरेलू गैस कनेक्शन अचानक अवरुद्ध कर दिए गए हैं। इसके चलते सिलेंडरों की बुकिंग और आपूर्ति प्रभावित हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने से गांव के अनेक परिवारों के सामने खाना पकाने की समस्या खड़ी हो गई है। इससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने एडीएम प्रशासन अंशिका दीक्षित को ज्ञापन देकर गैस एजेंसी एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि अवरुद्ध गैस कनेक्शनों को जल्द से जल्द चालू कराया जाए, ताकि ग्रामीण परिवारों को गैस सिलेंडरों की बुकिंग और आपूर्ति का लाभ दोबारा मिल सके। एडीएम प्रशासन ने उन्हें आश्वासन दिया है कि उनके सप्लाई फिर से शुरू कर दी जायेगी।
मांग करने वालों में प्रीतम सिंह, सत्येन्द्र सिंह, शिवओम राठी, वीरेंद्र राठी, लोकेन्द्र सिंह, अरविंद कुमार, विशाल कुमार, शिव राठी, नरेश कुमार, जितेंद्र सिंह, जोगेंद्र सिंह, अर्जुन सहित अन्य ग्रामीणों के नाम शामिल हैं।
