गोपेश्वर, 08 अक्टूबर । प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने गुरुवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। इससे पहले सुबह उन्होंने केदारनाथ धाम में बाबा केदार के दर्शन किए।
मुखर्जी ने सुबह केदारनाथ धाम में बाबा केदार के दर्शन किए और इसके बाद बदरीनाथ पहुंचकर भगवान बदरीविशाल की पूजा-अर्चना की। उन्होंने दोनों धामों में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। बदरीनाथ पहुंचने पर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया और उन्हें भगवान बदरीविशाल तथा बाबा केदार का प्रसाद भेंट किया।
दर्शन के बाद अभिनेत्री ने बदरीनाथ-केदारनाथ धाम की आध्यात्मिक आभा और प्राकृतिक सुंदरता की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की।
इस दौरान प्रभारी अधिकारी बदरीनाथ राजन नैथानी, प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल, मंदिर अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़, योगंबर नेगी, राहुल नेगी, वैभव उनियाल, राकेश झिंक्वाण और विकास सनवाल आदि मौजूद रहे।
