आआपा नेता अंकुश नारंग ने ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ अभियान को बताया दिखावा

Share

नई दिल्ली, 01 अक्टूबर । आम आदमी पार्टी (आआपा) के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने दिल्ली सरकार के ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ अभियान को दिखावा करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चार इंजन की सरकार होने के बावजूद दिल्ली की गलियों, मोहल्लों और सड़कों पर कूड़े का अंबार लगा हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि मंत्री प्रवेश वर्मा और आशीष सूद साफ सड़कों पर सफाई अभियान चलाकर क्या संदेश देना चाहते हैं, जबकि शहर के कई इलाकों में कूड़े की समस्या बनी हुई है।

अंकुश नारंग ने कहा कि इस अभियान का नाम ‘दिल्ली में कूड़े को आजादी’ होना चाहिए। उनके मुताबिक, सरकार के सत्ता में आने के बाद छोटी गलियों से लेकर पीडब्ल्यूडी की सड़कों तक जगह-जगह कूड़ा जमा हो रहा है। पहले जहां कुछ निर्धारित स्थानों पर कूड़ा एकत्रित किया जाता था, वहीं अब अनेक गलियां और सड़कें कूड़ा जमा होने के संवेदनशील स्थानों में तब्दील हो गई हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, महापौर प्रवेश वाही, मंत्री प्रवेश वर्मा और आशीष सूद सड़कों पर उतरकर सफाई अभियान चला रहे हैं। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में कूड़े की समस्या के समाधान के लिए ठोस पहल नहीं की जा रही है।

आआपा नेता ने कूड़े के पहाड़ों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कूड़े के पहाड़ पर जाकर तीन महीने के भीतर उसे हटाने की बात कही थी। इसके बावजूद एक साल बीतने के बाद भी कूड़े का पहाड़ जस का तस बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कूड़े का पहाड़ और ऊंचा हो गया है तथा सरकार केवल प्रचार और फोटो खिंचवाने के लिए अभियान चला रही है।

नारंग ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और महापौर प्रवेश वाही पर दिल्ली की सफाई व्यवस्था को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने अभियान का नाम बदलकर ‘दिल्ली में कूड़े को आजादी’ कर देना चाहिए, क्योंकि मौजूदा स्थिति में कूड़े से ज्यादा कूड़े को ही आजादी मिलती दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री, मुख्यमंत्री, महापौर और उपमहापौर केवल प्रचार के जरिए जनता को भ्रमित कर रहे हैं। नारंग ने उम्मीद जताई कि दिल्ली की सफाई व्यवस्था में सुधार होगा और सरकार वास्तव में राजधानी से कूड़ा हटाने के लिए ठोस कदम उठाएगी।