हरिद्वार, 22 सितंबर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) हरिद्वार ने मंगलवार को हरकी पैड़ी, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड क्षेत्र में अभियान चलाकर छह बालकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
पुलिस के अनुसार, कुछ बालक बिना बताए घर से हरिद्वार आ गए थे और भंडारों में भोजन कर जीवनयापन कर रहे थे। वहीं, कुछ बालक गंगा में खतरनाक तरीके से छलांग लगाकर सिक्के निकाल रहे थे।
रेस्क्यू किए गए बालकों में 14 वर्षीय सनी निवासी लुधियाना, 15 वर्षीय लखन निवासी गोरखपुर, 12 वर्षीय अजमत, 13 वर्षीय रयान, 13 वर्षीय शोभित निवासी मुरादाबाद और 12 वर्षीय हिमांशु शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक ये सभी करीब 15 दिन से एक माह पहले घर से बिना बताए हरिद्वार आए थे।
एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला के नेतृत्व में टीम ने सभी बालकों का मेडिकल परीक्षण कराया और उन्हें बाल कल्याण समिति रोशनाबाद के समक्ष पेश किया। समिति के आदेश पर सभी को खुला आश्रय गृह कनखल में संरक्षित किया गया है। पुलिस ने बालकों के परिजनों से संपर्क शुरू कर दिया है।
हरिद्वार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घाटों, रेलवे स्टेशन अथवा बस अड्डे पर कोई लावारिस या संकट में बच्चा दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।