जयपुर, 22 सितंबर । राजधानी जयपुर में एलीट प्रोडक्शन हाउस की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता ‘मिस उर्वशी सीजन-5, 2026’ में शिमला की अक्षरा नेगी ने खिताब अपने नाम किया। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न शहरों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
ग्रैंड फिनाले में अक्षरा नेगी ने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, संचार कौशल और मंचीय प्रस्तुति के विभिन्न चरणों में प्रदर्शन के आधार पर मिस उर्वशी 2026 का खिताब जीता। मेरठ की कीर्ति रस्तोगी को मिस उर्वशी इंटरनेशनल विनर 2026 चुना गया। जयपुर की स्वाति नायक ने मिस उर्वशी राजस्थान 2026 का खिताब हासिल किया, जबकि लखनऊ की प्रिया मौर्य फर्स्ट रनर-अप और नोएडा की अंजना यादव सेकंड रनर-अप रहीं।
पांच दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के लिए ग्रूमिंग सेशन, प्रोफेशनल फोटोशूट, टैलेंट राउंड, पर्सनैलिटी एवं कम्युनिकेशन राउंड, फैशन एवं स्टेज राउंड, रिहर्सल और ग्रैंड फिनाले आयोजित किए गए। प्रतिभागियों का मूल्यांकन आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, संचार कौशल, प्रतिभा, मंचीय प्रस्तुति, रचनात्मकता और समग्र प्रदर्शन के आधार पर किया गया।
आयोजक वीरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि ऐसे मंच देशभर की प्रतिभाशाली युवतियों को अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व को निखारने का अवसर देते हैं। मिस उर्वशी की निदेशक रचना चौधरी ने प्रतियोगिता के आयोजन तथा प्रतिभागियों के प्रशिक्षण और ग्रूमिंग सत्रों का निर्देशन किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में मिस उर्वशी की पूर्व विजेता रितिका चौधरी, उत्कर्षा और ममता खींची शामिल थीं।