सोशल मीडिया पर देसी कट्टा लहराकर हवाई फायरिंग करना युवक को पड़ा महंगा, गिरफ्तार

Share

अररिया, 22 सितम्बर। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराते हुए हवाई फायरिंग करना एक युवक को महंगा पड़ गया।युवक की शिनाख्त होने के बाद आरएस थाना पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से देशी कट्टा के साथ वीडियो अपलोड करने वाला एक एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किया गया।जानकारी मंगलवार को सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का वीडियो प्रसारित होने के बाद आरएस थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय युवक कृष्ण कुमार पिता संजय साह को कदवा वार्ड संख्या 9 से गिरफ्तार किया।पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक देसी कट्टा और एक मोबाइल बरामद किया।

एसडीपीओ के अनुसार 21 सितम्बर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें एक युवक अवैध हथियार लहराते हुए हवाई फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो के सत्यापन के दौरान युवक की पहचान कृष्ण कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ के बाद कृष्ण कुमार की निशानदेही पर एक लोहे का देशी निर्मित कट्टा बरामद किया गया। साथ ही उसके पास से मोटोरोला कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया गया,जिससे उन्होंने अपना फायरिंग का वीडियो अपलोड किया था।

इस संबंध में आरएस थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। छापेमारी दल में आरएस थानाध्यक्ष अंकुर, अपर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार, परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक सौदागर कुमार समेत पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे।