शिमला, 19 सितंबर । शिमला जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के एक मामले में करीब नौ ग्राम हेरोइन बरामद की है। यह बरामदगी कोटखाई क्षेत्र में गश्त के दौरान की गई। मामले में एक 28 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसकी पहचान गौरव ठाकुर निवासी कोटखाई के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को उपमंडल ठियोग की डिटेक्शन सेल की टीम मघाली मोड़, पुड़ग के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान गौरव ठाकुर की तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से नौ ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में ले लिया।
इस मामले में कोटखाई पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया है। उसे ठियोग स्थित एसीजेएम अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है।