राजस्थान में आज 22 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

Share

जयपुर, 19 सितंबर । राजस्थान में बारिश का दौर अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज प्रदेश के 22 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में भी कुछ इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने प्रदेश के मौसम का मिजाज बदल दिया है। डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को कई स्थानों पर करीब 8 इंच तक बारिश हुई। भारी बारिश का दौर 17 सितंबर शाम करीब 6 बजे शुरू हुआ, जो 18 सितंबर सुबह 11 बजे तक कई इलाकों में जारी रहा। पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश ने दस्तक दी। बीकानेर के कोलायत क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से करीब 70 मिलीमीटर यानी लगभग 3 इंच बारिश हुई।

भारी बारिश के कारण प्रदेश के कई बांधों और जलाशयों में पानी की आवक बढ़ी है। माही बजाज सागर बांध का जलस्तर 274.85 आरएल मीटर से बढ़कर 274.95 आरएल मीटर पहुंच गया। बीसलपुर बांध का गेज भी 314.03 से बढ़कर 314.05 आरएल मीटर हो गया।

इसी तरह डूंगरपुर के सोमकमला अंबा बांध का जलस्तर 10.75 से बढ़कर 10.80 आरएल मीटर, उदयपुर के समीप जयसमंद बांध का स्तर 4.66 से बढ़कर 4.72 आरएल मीटर तथा प्रतापगढ़ के जाखम बांध का जलस्तर 27 से बढ़कर 27.20 आरएल मीटर तक पहुंच गया। लगातार बारिश और हवाओं के कारण प्रदेश के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट आ गई है।

कई शहरों में दिन के तापमान में 6 डिग्री तक की कमी आई है। रात के समय भी मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। सीकर, अजमेर और सिरोही में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे मापा गया, जबकि कोटा में तापमान में करीब 6 डिग्री की गिरावट देखने को मिली।

पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर, फलोदी, जैसलमेर और बाड़मेर के कई इलाकों में हुई तेज बारिश से गर्मी और उमस से राहत मिली है।