आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 13 मवेशियों की मौत

Share

बिजली की चपेट में आने से 13 मवेशियों की मौत हो गई। हादसे में एक गौवंश घायल हो गया। मृत मवेशियों में आठ गौवंश, तीन बकरियां और दो भेड़ शामिल हैं। संयोग से मवेशियों को चराकर घर लौट रहे दोनों किसान कुछ पीछे चल रहे थे।इसी क्रम में आकाशीय बिजली गिरी और किसान बाल – बाल बच गए।

परिजनाें से मिली जानकारी के अनुसार, बुरूहातू गांव निवासी किसान बोयार महतो और पोंचा महतो अपने मवेशियों को चराने के लिए डांडेया स्थित जंगल की ओर गए थे। मौसम खराब होने पर दोनों किसान मवेशियों को लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहर लगभग तीन बजे बारिश शुरू हो गई। मवेशी जब डांडेया के चट्टानों के पास पहुंचे, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में आने से 13 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।

समाजसेवी दुर्गा मुंडा ने बताया कि दोनों किसान गरीब हैं और मवेशी ही उनके परिवार की आजीविका तथा खेती-किसानी का प्रमुख सहारा थे। अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बोयार महतो ने कहा कि यही मवेशी उनके लिए बैंक और आजीविका का साधन थे। अब खेती-किसानी का काम कैसे होगा, इसकी चिंता सता रही है।

घटना के बाद दोनों किसानों के परिवारों में मातम है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।