नई दिल्ली/मुंबई, 17 सितंबर । देश के सबसे बड़े एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) निवेशकों के लिए खुल गया है। इसमें निवेश करने के लिए 21 सितंबर, 2026 तक बोली लगाई जा सकती है।
इस आईपीओ का इंतजार इनवेस्टर्स को लंबे समय से था। एनएसई ने बुधवार को एंकर निवेशकों से 6,746.18 करोड़ रुपये जुटाए हैं। एनएसई का यह आईपीओ उन जाने-माने निवेशकों और बिजनेस लीडर्स पर भी रोशनी डाल रहा है, जिन्होंने स्टॉक एक्सचेंज की पब्लिक लिस्टिंग से पहले ही इसमें हिस्सेदारी बना ली है।
कंपनी के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) में शामिल नामों में डीमार्ट के फाउंडर राधाकिशन दमानी, हीरो एंटरप्राइज के चेयरमैन सुनील कांत मुंजाल, इंफोसिस के को-फाउंडर क्रिस गोपालकृष्णन एवं शेयर बाजार के दिग्गज रामदेव अग्रवाल और मोतीलाल ओसवाल भी शामिल हैं।
राधाकिशन दमानी के पास एनएसई के 3.91 करोड़ शेयर (1.58 फीसदी) के करीब हैं। आईपीओ के प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर 1,785 रुपये के मुताबिक उनकी होल्डिंग की वैल्यू लगभग 6,977 करोड़ रुपये है। मुंजाल के पास 1.02 करोड़ शेयर हैं, जबकि गोपालकृष्णन के पास 94.29 लाख शेयर हैं। एनएसई आईपीओ के प्राइस बैंड के हिसाब से 1,785 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर इन हिस्सेदारियों की वैल्यू क्रमशः लगभग 1,821 करोड़ रुपये और 1,683 करोड़ रुपये है।
अन्य प्रमुख शेयरधारकों में अग्रवाल और ओसवाल शामिल हैं, जिनके पास 8-8 लाख शेयर हैं। प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर इनकी वैल्यू लगभग 143 करोड़ रुपये बैठती है। वहीं, एनएसई ने बुधवार को एंकर निवेशकों से 6,746.18 करोड़ रुपये जुटाए है। एंकर निवेशकों में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), गोल्डमैन सैक्श और फिडेलिटी समेत कई बड़े संस्थागत निवेशक शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि एनएसई का 22,569 करोड़ रुपये का आईपीओ आज अभिदान के लिए खुल गया। तीन दिन का यह इश्यू 21 सितंबर को बंद होगा। ये आईपीओ पूरी तरह मौजूदा शेयरधारकों के द्वारा 12.64 करोड़ शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) है।