अज्ञात वाहन की टक्कर से अनाज व्यवसायी की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Share

सुपौल, 11 सितंबर । जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में रात के सड़क हादसे में एक अनाज व्यवसायी की मौत हो गई।

घटना वार्ड-2 स्थित एनएच-131 पर इंटर कॉलेज के समीप हुई। मृतक की पहचान कामेश्वर खिड़हरी (48) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कामेश्वर खिड़हरी गुरुवार रात अपने घर के सामने एक ग्राहक का अनाज देख रहे थे।

इसी दौरान राघोपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल उन्हें रेफरल अस्पताल, राघोपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा रेफर कर दिया।

परिजन उन्हें लेकर मधेपुरा जा रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार तड़के श्यामनगर के पास रास्ते में ही कामेश्वर ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर करीब ढाई बजे रात घर पहुंचे। घर पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया।

मृतक के परिवार में पत्नी चंद्रकला देवी के अलावा दो बेटे सत्यम कुमार (12) और शिवम कुमार (10) हैं। परिवार के मुखिया की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, राघोपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।