राजस्थान निकाय चुनाव में दूसरे चरण का मतदान आज पूरा हो गया। जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के पार्षदों के लिए आज वोटर्स ने मतदान किया। जयपुर में 62 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। हालांकि शुरूआत में मतदान धीमा रहा। दाेपहर बाद मतदान की गति ने रफ्तार पकड़ी।
कई पोलिंग बूथों पर फर्जी मतदान और ईवीएम बंद होने से हंगामा भी हो गया। वार्ड 49,101 और 62 में फर्जी वोटिंग के आरोप लगे। वार्ड 26 में मंगलम सिटी गवर्मेंट स्कूल बूथ पर कांग्रेस के एजेंट नहीं बैठने को लेकर हंगामा हो गया।
शहर की सरकार बनाने के लिए बुजुर्गों के साथ जेन-जी मतदाता और पहली बार मतदान का प्रयोग करने वाले भी बड़ी संख्या में पहुंचे। वहीं सीएम भजनलाल शर्मा, डिप्टी सीएम दीया कुमारी, खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़,राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया, कांग्रेस नेता सचिन पायलट समेत कई नेता और अधिकारी भी मतदान करने पहुंचे। अब 14 सिंतबर को मतगणना होगी।