पश्चिमी सिंहभूम में 157 नामांकनों में से नौ शिक्षक बने चेंज मेकर

Share

पश्चिमी सिंहभूम, 10 सितंबर ।

पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्राथमिक शिक्षा को अधिक प्रभावी और बच्चों के लिए रुचिकर बनाने की दिशा में किए जा रहे नवाचारों को अब पहचान मिलने लगी है। जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में गुरुवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में चेंज मेकर स्पॉटलाइट के लिए प्राप्त नामांकनों की समीक्षा की गई।

बैठक में सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार सहित शिक्षा विभाग के संबंधित पदाधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित थे।

समिति ने शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों और साधनसेवियों की ओर से विद्यालयों में किए गए नवाचारी एवं उत्कृष्ट कार्यों का मूल्यांकन किया। विशेष रूप से कक्षा एक से पांच तक के बच्चों की सीखने में सहभागिता बढ़ाने, पठन-पाठन को रोचक बनाने और विद्यालयी वातावरण में सुधार के लिए किए गए स्थानीय प्रयासों को प्राथमिकता दी गई।

चेंज मेकर स्पॉटलाइट के लिए जिले के 157 शिक्षकों ने अपने कार्यों और नवाचारों के आधार पर नामांकन कराया था। समिति की ओर से प्राप्त विवरण और कार्यों की समीक्षा के बाद तीन अलग-अलग श्रेणियों में नौ शिक्षकों का चयन किया गया। कक्षा उत्प्रेरक श्रेणी में तीन, वेल वेंडिंग चैंपियन श्रेणी में तीन तथा कक्षा से बाहर की गतिविधियों के जरिए बच्चों के पठन-पाठन को बेहतर बनाने वाले तीन शिक्षकों को चयनित किया गया।

जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग का उद्देश्य विद्यालयों में किए जा रहे प्रभावी प्रयोगों को सामने लाना और दूसरे शिक्षकों को भी ऐसे नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित करना है। चयनित शिक्षकों के सफल प्रयासों को व्यापक स्तर पर साझा कर अन्य विद्यालयों में लागू करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। इससे बच्चों के सीखने के अनुभव को बेहतर बनाने के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।