धर्मशाला, 01 सितंबर । केंद्रीय मंत्रालय द्वारा जारी वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के आंकड़ों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे देश की मजबूत आर्थिक नींव का प्रतीक बताया है।
मंगलवार को जारी एक प्रेस बयान में प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं और पश्चिम एशिया के संकट के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने एक बार फिर दुनिया को हैरान किया है। रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया की मौद्रिक नीति समिति ने पहली तिमाही के लिए 7 प्रतिशत की विकास दर का अनुमान लगाया था, लेकिन देश ने 7.8 प्रतिशत की शानदार रियल जीडीपी ग्रोथ हासिल कर सभी आर्थिक विशेषज्ञों के अनुमानों को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही 10.3 प्रतिशत की नॉमिनल जीडीपी ग्रोथ और 8.2 प्रतिशत की जीवीए वृद्धि यह साबित करती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश का आर्थिक ढांचा बेहद मजबूत है। आरबीआई के 7 प्रतिशत के अनुमान के मुकाबले 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ रेट दर्ज कर भारत ने अपनी मजबूत आर्थिक क्षमता का प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक मंदी और दबाव के बावजूद और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और ग्लोबल सप्लाई चेन के दबाव के बाद भी भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। केंद्र सरकार के कैपिटल एक्सपेंडिचर (कैपेक्स) में 18.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 9.2 प्रतिशत की वृद्धि से देश में बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है और नए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।
संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के शब्दों में निराशावादी एक बार फिर विफल हुए हैं और भारत की सामूहिक आर्थिक शक्ति ने यह साबित कर दिया है कि देश आर्थिक समृद्धि की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से अग्रसर है।