पलामू, 28 अगस्त । जिले के चर्चित जमीन कारोबारी विनीत तिवारी हत्याकांड में मुख्य आरोपित प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल और राकेश तिवारी के घर की कुर्की जब्ती की गई। मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रेडमा में समदा आहर और भगवती अस्पताल के समीप शुक्रवार को अलग अलग कार्रवाई हुई। कार्रवाई के क्रम में पुलिसकर्मियों ने घर के दरवाजे, खिड़की, अलमीरा, फर्नीचर आइटम, एक्सरसाइज करने के कई सामान जब्त कर थाना ले आये।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले पुलिस ने घर में लगी तीन महंगी लग्जरी गाड़ियों को भी जब्त किया था।
25 अप्रैल 2026 को विनीत तिवारी का उसके घर के समीप से रेडमा-समदा आहर इलाके से अपहरण कर लिया गया था। 26 अप्रैल को उनका शव सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके से नग्न अवस्था में बरामद की गई थी। उनकी बेरहमी से पीट पीट कर औए गला दबाकर हत्या की गयी थी।
इस संबंध में प्रदीप तिवारी महाकाल, राकेश तिवारी, प्रशांत तिवारी, रोशन तिवारी, दिलीप तिवारी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जमीन विवाद में इस घटना को अंजाम दिया गया था।
लगातार फरार चलने के कारण प्रदीप तिवारी महाकाल, राकेश तिवारी सहित अन्य आरोपितों पर दबाव बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनके घर पर नोटिस चस्पा किया था। साथ ही थाना और न्यायालय में सरेंडर करने की चेतावनी दी थी। हालांकि घटना के तुरंत बाद प्रदीप महाकाल के भाई दिलीप तिवारी, जबकि प्रशांत तिवारी को 22 जुलाई को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया गया था। रोशन तिवारी ने शहर थाना में पिछले दिनों सरेंडर कर दिया था।
प्रदीप महाकाल और राकेश तिवारी अभी भी फरार चल रहे हैं।
कार्रवाई टीम का नेतृत्व सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव ने किया। उनके साथ शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि 31 जुलाई को इश्तिहार चिपकाने के बाद चेतावनी देने पर भी प्रदीप तिवारी महाकाल और राकेश तिवारी ने न्यायालय और शहर थाना में सरेंडर नहीं किया। ऐसे में कोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की गई।