राष्ट्रपति ने ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की पूर्व संध्या पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

Share

नई दिल्ली, 25 अगस्त । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की पूर्व संध्या पर देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व पैगंबर मुहम्मद के उपदेशों को स्मरण करने और उनके बताए सदाचार तथा कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा लेने का है।

राष्ट्रपति ने अपने संदेश में भारत और विदेशों में रह रहे सभी नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का पर्व पैगंबर मुहम्मद के उपदेश को स्मरण करने का अवसर है। उनकी शिक्षाएं लोगों को सदाचार और कर्तव्य की भावना को अपनाने की प्रेरणा देती हैं।

उन्होंने कहा कि पैगंबर मोहम्मद के जीवन के उच्च आदर्श देशवासियों को एक समावेशी और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करें।