नगर निगम चुनाव में खपाने लाए 4.30 लाख के जाली नोट

Share

जयपुर, 22 अगस्त । आदर्श आचार संहिता के बीच बजाज नगर थाना पुलिस और जयपुर पुलिस आयुक्तालय की सीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई कर जाली नोटों के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार आरोपिताें को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 लाख 30 हजार 500 रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं। आरोपिताें के पास से जाली नोटों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर भी जब्त की गई हैं। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि जाली नोटों की यह खेप आगामी नगर निगम चुनाव के दौरान बाजार और चुनाव प्रचार में खपाने के लिए जयपुर लाई गई थी। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और जाली नोटों की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशन्स) ओमप्रकाश ने बताया कि पूछताछ में गिरोह के मुख्य सरगना अमन राणा निवासी गांधीपथ, रोहतक (हरियाणा) का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार अमन राणा वर्तमान में बांग्लादेश में बैठकर जाली नोटों के नेटवर्क को संचालित कर रहा है। आरोपिताें से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क और अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

डीसीपी जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि अंशुल (24) पुत्र राजू निवासी राजीव कॉलोनी, रोहतक, साहिल चौधरी (24) पुत्र रामचंद्र चौधरी निवासी रामसीसर, फतेहपुर सदर, सीकर, प्रियांशु (21) पुत्र राजवीर निवासी करौथा, शिवाजी कॉलोनी, रोहतक और आकाश (26) पुत्र विजय सिंह निवासी काहनौर, कलानौर, रोहतक को गिरफ्तार किया है।

बजाज नगर थानाधिकारी रामधन डोभाल ने बताया कि पुलिस पड़ताल में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपिताें के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। अंशुल के खिलाफ पीजीआई रोहतक में हत्या तथा आर्य नगर थाने में जानलेवा हमले का मामला दर्ज है। आकाश के खिलाफ भी पीजीआई रोहतक में हत्या, आर्य नगर में जानलेवा हमले सहित शिवाजी कॉलोनी में मामला दर्ज है। प्रियांशु के खिलाफ पीजीआई रोहतक और आर्य नगर थाने में मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं साहिल चौधरी के खिलाफ जयपुर के बगरू थाने में वर्ष 2023 में मामला दर्ज है।

पुलिस आरोपिताें से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में जाली नोटों की सप्लाई, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व में खपाई गई नकली मुद्रा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है।