खूंटी , 17 अगस्त । खान एवं खनिज विधेयक-2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जिला स्तरीय बैठक सोमवार को जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद ने की। इस दौरान केंद्र सरकार की ओर से लाए जा रहे खान एवं खनिज विधेयक को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और आगे की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में आगामी 20 अगस्त को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक की तैयारियों और संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई। जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
जुबैर अहमद ने कहा कि खान एवं खनिज विधेयक 2026 झारखंड के हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। झारखंड की जमीन, जंगल और खनिज संपदा यहां के लोगों के अधिकार तथा राज्य के विकास से जुड़े हैं। ऐसे किसी भी प्रावधान का विरोध किया जाएगा, जिससे राज्य के हित और जनता के अधिकार प्रभावित हों।
उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार विधेयक को वापस नहीं लेती है तो झामुमो पूरे झारखंड में चरणबद्ध आंदोलन करेगा। आंदोलन को सदन से सड़क तक ले जाने की बात भी बैठक में कही गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने को कहा।
बैठक में जिला संगठन सचिव प्रदीप केशरी, जिला सह सचिव मोजीर अंसारी, मीडिया प्रभारी कमलेश महतो सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।